RxTv BHARAT
केवल सच की बात
BIHAR NATIONAL TRUSTED NEWS NETWORK

दरभंगा में डीएम-एसएसपी की कोचिंग संचालकों व छात्रावास प्रतिनिधियों के साथ बैठक, छात्रों को विरोध-प्रदर्शनों से दूर रहने की अपील
दरभंगा, 24 जुलाई 2026। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में जिले के निजी कोचिंग संस्थानों के संचालकों, अंबेडकर छात्रावास के अधीक्षकों, छात्र प्रतिनिधियों तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वर्तमान परिस्थितियों एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा, शैक्षणिक वातावरण की निरंतरता तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी निजी कोचिंग संस्थानों के संचालकों से अपील की कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को वर्तमान में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने से रोकें तथा उन्हें अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने एवं किसी भी प्रकार की भ्रामक गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व विरोध-प्रदर्शनों की आड़ में छात्रों को गुमराह करने एवं उन्हें गलत दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में कोचिंग संचालकों एवं छात्रावास प्रबंधन की भूमिका अभिभावक के समान है। सभी संस्थान विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन दें तथा उन्हें अफवाहों एवं भ्रामक प्रचार से बचने की सलाह दें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिला प्रशासन छात्रों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनकी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। किसी भी छात्र को कानून हाथ में लेने अथवा किसी के बहकावे में आने से बचना चाहिए। विद्यार्थियों का मुख्य उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना एवं अपने भविष्य का निर्माण होना चाहिए।
उन्होंने कोचिंग संस्थानों से किसी भी राजनीतिक गतिविधि को मंच प्रदान नहीं करने की अपील करते हुए बताया कि कल हुए प्रदर्शन में 32 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है, जिनमें अधिकांश छात्र हैं। इससे संबंधित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन एवं अन्य अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने भी सभी उपस्थित लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा उकसावे में आने से बचें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति या असामाजिक तत्व विरोध-प्रदर्शन की आड़ में सार्वजनिक अथवा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों, छात्रावास अधीक्षकों एवं छात्र प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करने, शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित करने तथा जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत सहित अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
📌 मुख्य बातें
- डीएम एवं एसएसपी ने निजी कोचिंग संचालकों व छात्रावास प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
- छात्रों को विरोध-प्रदर्शनों एवं भ्रामक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।
- कल के प्रदर्शन में 32 लोगों पर एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी गई।
- कोचिंग संस्थानों से राजनीतिक गतिविधियों को मंच नहीं देने का आग्रह किया गया।
- अफवाह फैलाने एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
📰 सम्बन्धित खबर
📲 RxTv BHARAT WhatsApp Group से जुड़ें
दरभंगा, बिहार और देश की ताज़ा एवं विश्वसनीय खबरें सबसे पहले पाने के लिए हमारे आधिकारिक WhatsApp Group से जुड़ें।
RxTv BHARAT
केवल सच की बात
© 2026 RxTv BHARAT | All Rights Reserved

