
दरभंगा। मंगलवार को अपने सचिवालय कक्ष से कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने पोर्टल के माध्यम से शिक्षाशास्त्री (सत्र 2024-26) का परीक्षा परिणाम जारी करने की घोषणा की। परिणाम के अनुसार प्रथम वर्ष में 75 तथा द्वितीय वर्ष में 95 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। वहीं, शास्त्री व आचार्य के विभिन्न सत्रों की परीक्षा 13 केंद्रों पर 29 जुलाई से दो पालियों में शुरू होने जा रही है जो 03 अगस्त तक चलेगी। मुख्यालय में भी एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया द्वितीय वर्ष में रुपराज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विभाग में शीर्ष स्थान हासिल किया। आकांक्षा कुमारी द्वितीय तथा चेतना आनंद तृतीय स्थान पर रहे। कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पाण्डेय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा विद्यार्थी समर्पण भाव से आगे की पढ़ाई जारी रखें और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
कुलसचिव डॉ. दिनेश झा ने भी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विभागीय प्राध्यापकों ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा समय पर परिणाम जारी किए जाने से शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सरकार द्वारा जारी होने वाले आगामी विज्ञापनों में विभाग के सफल छात्र आवेदन कर सकेंगे। विशेष रूप से टीआर-4 में सफल छात्र आवेदन के पात्र होंगे। परिणाम घोषणा के अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. निहार रंजन सिन्हा, डीएसडब्ल्यू प्रो. पुरेन्द्र वारिक, शिक्षाशास्त्र निदेशक डॉ. घनश्याम मिश्र, वित्त पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार झा, ओएसडी (शैक्षणिक) डॉ. रामसेवक झा, डॉ. संतोष कुमार तिवारी, डॉ. सुनील कुमार सिंह, संजय कुमार मिश्र, गोपाल उपाध्याय, संतोष तिवारी सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित थे।

