
दरभंगा। ( नासिर हुसैन ) मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा गुरु गोविंद सिंह अस्पताल,पटना सिटी के नये भवन में विभिन्न नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के तहत राज्य के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लोक निजी साझेदारी (पी.पी.पी.) अन्तर्गत हब एवं स्पोक मॉडल में निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं शुभारम्भ किया। आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सदर), दरभंगा परिसर स्थित जिला पैथोलॉजी लैब (रक्त जांच हब) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार उपस्थित थे। उन्होंने लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध मशीनों, जांच सुविधाओं तथा कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जांच सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला पैथोलॉजी लैब के संचालन से जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को बेहतर जांच सुविधा मिलेगी। गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार में काफी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा सभी स्वास्थ्य संस्थान यह सुनिश्चित करें कि अधिक से अधिक मरीज इस निःशुल्क सुविधा का लाभ प्राप्त करें। उद्घाटन कार्यक्रम में सिविल सर्जन दरभंगा डॉ. अरुण कुमार, जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सदर डॉ. रीना कुमारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डॉ. उमाशंकर प्रसाद, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, रवि कुमार (एसडीआर), प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। लैब इंचार्ज ने जानकारी देते हुए बताया यह जिला स्तरीय पैथोलॉजी लैब (हब) है, जहां कुल 87 प्रकार की पैथोलॉजी जांच पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इस हब से जिले के 26 स्पोक स्वास्थ्य संस्थान जुड़े हुए हैं, जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,रेफरल अस्पताल,उप स्वास्थ्य केंद्र,अनुमंडलीय अस्पताल एवं अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं। इन सभी स्वास्थ्य संस्थानों से प्रतिदिन रक्त एवं अन्य जांच नमूने (ब्लड सैंपल) निर्धारित व्यवस्था के तहत जिला पैथोलॉजी लैब भेजे जाते हैं। नमूनों के सुरक्षित परिवहन के लिए रनर बॉय की व्यवस्था की गई है, जो संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों से सैंपल संग्रहित कर जांच के लिए लैब तक पहुंचाते हैं। लैब इंचार्ज ने बताया जांच पूरी होने के बाद मरीज की ऑनलाइन जांच रिपोर्ट सीधे उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपलब्ध करा दी जाती है, जिससे मरीजों को रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए बार-बार अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं पड़ती। यह व्यवस्था समय की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाती है।उन्होंने बताया इस अत्याधुनिक लैब में लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT), टी-3 (T3), टी-4 (T4), टीएसएच (TSH), सीबीसी (CBC), यूरिन रूटीन जांच सहित कुल 87 प्रकार की विभिन्न पैथोलॉजी जांच उपलब्ध हैं। इन जांचों के माध्यम से मरीजों को अनेक महत्वपूर्ण रोगों की पहचान एवं उपचार में समय पर सहायता मिलेगी। उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया जिला पैथोलॉजी लैब के संचालन से दरभंगा जिले की सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा मरीजों को उच्च गुणवत्ता की जांच सुविधा निःशुल्क एवं समय पर उपलब्ध हो सकेगी। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील किया की वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध इस निःशुल्क जांच सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

