
दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) के पैट-2024 अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल जिसमे प्रिंस राज, कुणाल पांडे, मोहम्मद मुनीब, शरद कुमार सिंह ने रविवार को राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, लोकसभा सांसद,पप्पू यादव से मिलकर विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT-2024) को राजभवन के निर्देश पर रद्द किए जाने के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग किया। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया पैट-2024 की पूरी प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित यूजीसी रेगुलेशन 2016 के अनुसार के अनुसार संपन्न कराई गई थी। परीक्षा आयोजित हुई, परिणाम प्रकाशित हुए और अभ्यर्थी नामांकन प्रक्रिया शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी बीच राजभवन के द्वारा पूरी प्रक्रिया रद्द कर दी गई। जिससे 1700 से अधिक सफल अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चितता के दौर में पहुंच गया है। छात्रों ने कहा वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के साथ यह निर्णय अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग किया की इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर PAT-2024 को पुनः बहाल कराया जाए तथा नामांकन प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराई जाए।प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से आग्रह किया वे इस गंभीर मामले को राजभवन के समक्ष मजबूती से उठाएं, ताकि शोधार्थियों के हितों की रक्षा हो सके और उच्च शिक्षा के प्रति युवाओं का विश्वास बना रहे। छात्रों ने कहा यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र उच्च न्यायालय की ओर रुख करेंगे। छात्र प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा नगर विधायक संजय सरावगी और लनामिविवि से शिक्षक प्रतिनिधि सह विधानपार्षद मदन मोहन झा द्वारा समय देकर नहीं मिलने पर आक्रोश व्यक्त किया।

