
दरभंगा। अखिल भारतीय स्तर पर संतों के आह्वान पर संचालित गौ सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत सोमवार, 27 जुलाई को दरभंगा में एक विशाल एवं अनुशासित गौ सम्मान यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा सुबह 10 बजे दरभंगा के प्रसिद्ध मनोकामना मंदिर परिसर से संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य एवं अगुवाई में प्रारंभ होगी।यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सुबह 9 बजे से 10 बजे तक मंदिर परिसर में सामूहिक श्रीराम धुन का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात संतों के नेतृत्व में गौ भक्त, राम भक्त एवं सनातन धर्मावलंबी विशाल यात्रा के रूप में प्रस्थान करेंगे। ज्ञात हो के देशव्यापी गौ सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत गौ संरक्षण, गौ संवर्धन एवं गौ सुरक्षा को सशक्त बनाने तथा गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा प्रदान करने की मांग को लेकर देशभर में 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित किए जा रहे हैं। इन हस्ताक्षरों सहित मांग-पत्र संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों के माध्यम से भारत सरकार को प्रेषित किए जाएंगे। इसी क्रम में दरभंगा में भी यात्रा के उपरांत जिलाधिकारी, दरभंगा को मांग-पत्र सौंपा जाएगा। यात्रा का निर्धारित मार्ग मनोकामना मंदिर मिर्जापुर चौक भगत सिंह चौक दरभंगा टावर सुभाष चौक जेपी चौक खानका चौक नाका नं. 5 मौलागंज रामपुर रामगंज जिला स्कूल लाइट हाउस दारू भट्टी ज्ञानगंज लहेरियासराय जहाँ जिलाधिकारी को मांग-पत्र समर्पित किया जाएगा। गौ सम्मान आवाहन अभियान,दरभंगा के जिला प्रमुख राजीव प्रकाश मधुकर एवं उत्तर बिहार अभियान प्रमुख विजय झा ने जिले के सभी गौ भक्तों, राम भक्तों, संत-प्रेमियों एवं सनातन समाज एवं सभी हिंदू विचार परिवार संगठन से आग्रह किया की अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक एवं राष्ट्रहित के अभियान में सहभागी बनें तथा गौ माता के संरक्षण, संवर्धन, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा यह अभियान समाज में गौ सेवा,गौ संरक्षण एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जन-जागरण का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि यात्रा में अनुशासन, शालीनता, गरिमा बनाए रखते हुए सहभागिता करें और इस जन-जागरण अभियान को सफल बनाएं।

