समृद्धि यात्रा में दरभंगा पर सरकार का फोकस
समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार आज दरभंगा जिले के नागेन्द्र झा स्टेडियम पहुँचे, जहाँ उन्होंने जिले में संचालित विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
अधिकारियों के साथ हुई समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य है—हर नागरिक को सम्मान मिले और उसका जीवन आसान बने।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लक्ष्य के साथ सात निश्चय–3 कार्यक्रमों को लागू किया गया।
इसके सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’
का उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक सप्ताह
दो कार्य दिवस—सोमवार एवं शुक्रवार—
को सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोगों से सम्मानपूर्वक मुलाकात की जाए, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
यह व्यवस्था ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में लागू होगी।
आम नागरिक अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके कार्यालय कक्ष में मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारी कार्यालयों में बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएँ हर हाल में उपलब्ध कराई जाएँ।
समीक्षा बैठक के दौरान दरभंगा के जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने
प्रगति यात्रा, सात निश्चय–2 और सात निश्चय–3 से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को दी।
जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत योजनाओं को तेजी से पूरा किया जाए और सात निश्चय–2 के तहत संचालित योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, जिससे बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि बिहार के युवा दक्ष, आत्मनिर्भर और सुरक्षित भविष्य वाले बनें, ताकि राज्य आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत हो सके।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा, समाज कल्याण मंत्री श्री मदन सहनी, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, दरभंगा प्रमंडल आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, डीआईजी श्री मनोज कुमार तिवारी, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
RxTv BHARAT – Bihar National Trusted News Network



