सफाई सैनिकों की एकजुटता के आगे झुकी सरकार, संघर्ष की हुई ऐतिहासिक जीत : डॉ. मुन्ना खान

दरभंगा। दरभंगा नगर निगम में पिछले आठ दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों के संघर्ष को आखिरकार सफलता मिल गई। बिहार सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद नगर निगम परिसर में खुशी का माहौल बन गया। सफाई कर्मियों ने अपनी जीत का जश्न मनाया। कांग्रेस नेता डॉ. मुन्ना खान ने पूर्व में घोषणा की थी कि यदि 6 अगस्त तक सफाई सैनिकों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तो वार्ड संख्या 29 की पार्षद शबाना खानम नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देंगी। गुरुवार को शबाना खानम अपना त्यागपत्र डॉ. मुन्ना खान को सौंपने तथा उसे महापौर तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम परिसर पहुंचीं। इसी दौरान यह जानकारी मिली कि बिहार सरकार ने सफाई सैनिकों की मांगें स्वीकार कर ली हैं। यह समाचार मिलते ही सफाई सैनिकों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे परिसर में जश्न का माहौल बन गया।इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. मुन्ना खान ने अपने हाथों से सफाई सैनिकों को लड्डू खिलाकर उनकी खुशी में भागीदारी की और उन्हें इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। सफाई सैनिकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. मुन्ना खान ने कहा यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, सभी पार्षद आपके साथ मजबूती से खड़े रहे और आप सभी सफाई सैनिकों की एकजुटता, धैर्य और संघर्ष की जीत है। मैं आप सभी को दिल से सलाम करता हूं। आपने लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी और सरकार को आपकी जायज़ मांगें स्वीकार करनी पड़ीं। यह साबित करता है कि जब लोग संगठित होकर संघर्ष करते हैं, तो सत्ता को भी जनता की आवाज़ सुननी पड़ती है। यह संघर्ष आने वाले समय में मजदूरों, कर्मचारियों एवं श्रमिक अधिकार को और भी मजबूती प्रदान करेगा।

आगे भी ..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *