24 से 26 जुलाई तक केवटी, सिंहवाड़ा एवं मनीगाछी प्रखंडों में लगेगा विशेष कैंप

सहकारी समिति सदस्यता एवं गन्ना किसान पंजीकरण होगा

दरभंगा :  जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में रैयाम चीनी मिल को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि रैयाम चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता तथा गन्ना किसान पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसके तहत 24 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक केवटी, सिंहवाड़ा एवं मनीगाछी प्रखंड में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

जिला पदाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीनों प्रखंडों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित तिथियों में कैंप का सफल संचालन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समिति की सदस्यता एवं गन्ना किसान पंजीकरण से जोड़ा जाए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि कैंपों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा किसानों को अधिकाधिक संख्या में कैंप तक लाकर इस अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक कैंप में पंचायत सचिव, पंचायत राज कार्यपालक सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, हल्का कर्मचारी, किसान सलाहकार एवं स्थानीय कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के स्टाफ उपस्थित रहेंगे, जो किसानों की सदस्यता एवं पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया को सुगमता से संपन्न कराएंगे।

कैंपों के प्रभावी संचालन एवं निगरानी के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पर्यवेक्षक की भूमिका में उपस्थित रहेंगे और सभी कार्यों का सतत अनुश्रवण करेंगे।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि रैयाम चीनी मिल के संचालन एवं क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को नई गति मिल सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला ईख पदाधिकारी तथा सहायक निदेशक, ईख विकास, दरभंगा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आगे भी ..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *